प्रमाण का भूत : धर्म, आध्यात्मिक अनुभव और प्रमाण की समस्या
प्रमाण का भूत : जब दावे के बदले अनुभव को प्रमाण बना दिया जाए
धर्म प्रवर्तकों और प्रचारकों को प्रमाण के भूत ने बहुत परेशान किया है। क्योंकि हर दौर में कुछ लोग ऐसे जरूर रहे हैं जो उनके खोखले दावों पर सवाल खड़े करते रहे हैं और उनसे अपने दावों के पक्ष में प्रमाण माँगते रहे हैं।पश्चिम में चूँकि लोग तर्क में कम और तलवार में अधिक विश्वास करते थे, इसलिए वहाँ धार्मिक दावों पर बहुत ज्यादा तर्क-वितर्क नहीं हो पाया। लेकिन भारत में स्थिति थोड़ी बेहतर थी। यहाँ धार्मिक दावों पर तर्क-वितर्क की एक लंबी परंपरा रही है।
भारत में धार्मिक दावों का प्रमाण माँगने वालों से जद्दोजहद के परिणामस्वरूप तर्कशास्त्रों की रचना हुई, जहाँ तर्क-वितर्क के माध्यम से अपनी मान्यताओं को सत्य सिद्ध करने का प्रयास किया गया।
लेकिन धार्मिक दावों के पक्ष में दिए जाने वाले तर्क भले ही कितने ही तार्किक प्रतीत हों, एक सवाल फिर भी अनुत्तरित रह जाता है—
आपकी जानकारी का स्रोत क्या है?
अर्थात जो दावा आप कर रहे हैं, उस निष्कर्ष पर आप किस प्रकार पहुँचे?
उदाहरण के तौर पर कर्मसिद्धांत, आत्मा, पुनर्जन्म और चेतना से संबंधित दावे सुनने में भले ही कितने तार्किक प्रतीत हों, लेकिन यदि आप पूछें कि इस दर्शन का प्रतिपादन करने वाला व्यक्ति इन निष्कर्षों पर कैसे पहुँचा, तो उत्तर कहाँ से आएगा?
उसने कैसे पता लगाया कि यह दुनिया कर्मसिद्धांत जैसे किसी सिद्धांत के अधीन चल रही है?
जो व्यक्ति जन्म से ही गरीब और लाचार है, वह अपने पूर्वजन्म के कर्मों का फल भोग रहा है—यह किस तरह ज्ञात हुआ?
शरीर में आत्मा होती है, जो मृत्यु के बाद किसी नए शरीर में प्रवेश कर जाती है—यह कैसे ज्ञात हुआ?
इस समस्त जगत की उत्पत्ति और इसके सभी क्रियाकलाप किसी अदृश्य स्वतंत्र चेतन सत्ता द्वारा संचालित हो रहे हैं—इस निष्कर्ष पर किस प्रकार पहुँचा गया?
इन प्रश्नों का कोई संतोषजनक तर्कसंगत उत्तर नहीं मिलता।
प्रश्नकर्ता को बस इतना कहा जाता था कि आदि ऋषियों ने गहन साधनाओं से प्राप्त अनुभवों के माध्यम से इसे जाना।
यह तरीका कुछ-कुछ पश्चिमी धर्मों जैसा ही है। फर्क सिर्फ इतना है कि वहाँ ऋषियों के स्थान पर पैगंबरों का नाम लिया जाता है, जिनके पास यह जानकारी ईश्वर ने किसी माध्यम से पहुँचा दी।
लेकिन झूठ के पैर तो होते नहीं हैं कि वह बिना सहारे के खड़ा रह सके। उसे खड़ा रखने के लिए निरंतर संघर्ष करना पड़ता है।
लोगों ने फिर सवाल उठाने शुरू कर दिए—ऋषियों में कौन से सुर्खाब के पर लगे थे कि उन्होंने यह सब जान लिया? और चलिए, उन्होंने किसी तरह जान भी लिया, तो क्या हमें उनकी बातों पर आँख मूँदकर भरोसा करना चाहिए? यह कैसे तय होगा कि वे सच ही बोल रहे थे?
तब एक नया दावा सामने आया कि आप भी कुछ कठिन साधनाओं से गुजरकर इस सत्य का साक्षात्कार कर सकते हैं।
साधना के नाम पर ऐसी-ऐसी अंतहीन कसरतें ईजाद कर ली गईं जिनका न कोई ओर था, न कोई छोर। और तो और, प्रमाण मिलने की कोई समय-सीमा भी निर्धारित नहीं थी।
हो सकता है प्रमाण खोजने में कई जन्म ही व्यतीत हो जाएँ। और फिर मरने के बाद कौन आकर बताएगा कि प्रमाण मिल गया?
अब तो बड़ा आसान हो गया। जो भी प्रमाण माँगे, उसे प्रमाण देने के बजाय बेफिजूल की कसरत में उलझा दो।
कह दो—प्रमाण दिया नहीं जा सकता, आपको स्वयं अनुभव करना होगा।
मतलब, मेलोडी खाओ और खुद जान जाओ।
अब बेचारा लगा पड़ा है बेकार की कसरत में, इस उम्मीद में कि एक दिन प्रमाण मिल जाएगा।
लेकिन प्रमाण हो तो मिले।
जो शिकायत करे कि प्रमाण नहीं मिल रहा, उससे कह दो कि तुम कसरत ही ठीक से नहीं कर रहे। तुम इस योग्य ही नहीं हो।
और फिर व्यक्तिगत अनुभवों का मूल्य ही क्या है, यदि उन्हें किसी भी तरह सिद्ध न किया जा सके?
मानसिक भ्रम से ग्रस्त लोगों को भी विचित्र दृश्य दिखाई देते हैं और विचित्र अनुभव होते हैं। ये अनुभव उनके लिए इतने वास्तविक होते हैं कि वे उनमें और वास्तविकता में अंतर नहीं कर पाते।
ऐसे में कोई व्यक्ति जिस अनुभव को आध्यात्मिक अनुभव समझ रहा है, वह वास्तव में आध्यात्मिक अनुभव है या किसी मानसिक भ्रम का परिणाम—इसका निर्णय कैसे होगा?
यही वह सवाल है जिसका उत्तर केवल यह कहकर नहीं दिया जा सकता कि ‘मुझे अनुभव हुआ, इसलिए यह सत्य है।’
वैसे इस गजब की युक्ति से किसी का भला हुआ हो या नहीं, लेकिन आध्यात्मिक गुरुओं ने इसके नाम पर बड़ी चाँदी काटी है और आज भी काट रहे हैं।
अतीत में और वर्तमान में भी तमाम ऐसे गुरु मौजूद हैं जो न केवल स्वयं के आध्यात्मिक रूप से जाग्रत होने का दावा करते हैं, बल्कि अपने अनुयायियों को भी आध्यात्मिक अनुभव करा देने का वादा करते हैं।
वे ऐसा दावा आराम से कर सकते हैं, क्योंकि जब प्रमाण देना ही न हो तो दावा करने में जाता ही क्या है?
जो भी प्रमाण माँगेगा, उसे सिर घुटाकर चटाई पकड़ा देंगे।
लग जा बेटा लाइन में।
और तो और, भारत में ऐसे मूर्खों की भी कोई कमी नहीं जो बिना जाने, बिना किसी अनुभव के ही शास्त्रों को प्रमाण मानकर योग-साधनाओं को प्रमाण प्राप्ति का साधन बताते हैं।
जब पीछे लौटना मुश्किल हो जाता है
वैसे कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हें अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इन व्यर्थ की कसरतों में नष्ट करने के बाद अक्ल आ गई थी। लेकिन तब वे जीवन के उस मोड़ पर पहुँच चुके थे, जहाँ से यू-टर्न लेना संभव नहीं था।
जिस चीज में आप अपने जीवन का एक कीमती और महत्वपूर्ण हिस्सा निवेश कर चुके हों, जिसके नाम से समाज में आपकी एक पहचान बन गई हो, उसकी सच्चाई जान लेने के बाद भी उसे इस तरह छोड़ देना आसान नहीं होता।
एक ऐसे ही व्यक्ति को मैं व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ, जो इन्हीं परिस्थितियों में फँसा हुआ है।
यह परिस्थिति कैसी होती है, इसे एक कहानी के माध्यम से समझाता हूँ।
नाक कटने का साक्षात्कार
एक व्यक्ति की परदेश में चोरी के अपराध के कारण राजा ने नाक कटवा दी।
कई वर्ष बाद जब वह अपने गाँव की ओर लौट रहा था तो बहुत चिंतित था कि गाँववालों को क्या बताएगा कि उसकी नाक क्यों कटी।
अब घर तो जाना ही था। रास्ते भर चिंतन-मनन करता हुआ वह आखिर अपने गाँव पहुँच गया।
गाँव में घुसते ही जो व्यक्ति मिलता, वही सवाल करता—
“तुम्हारी नाक कैसे कट गई?”
वह सबको कहता जाता—
“सुबह चौपाल पर मिलना, वहीं बताऊँगा।”
सुबह चौपाल जुड़ी। पूरा गाँव जुट गया।
सरपंच जी ने पूछा—
“बताओ भाई, नाक क्यों कटी?”
वह व्यक्ति बोला—
“मुझे एक महान तपस्वी मिल गए थे। उनकी कृपा से मुझे ईश्वर का साक्षात्कार हो गया है।”
सरपंच ने पूछा—
“वो तो ठीक है, लेकिन इसका नाक कटने से क्या संबंध है?”
वह बोला—
“अरे! नाक ही तो बाधा है। यदि नाक को हटा दिया जाए तो कोई भी व्यक्ति ईश्वर के साक्षात्कार को सहज उपलब्ध हो सकता है।”

“क्या बकवास करते हो?” सरपंच ने कहा।
वह व्यक्ति बोला—
“मैं बकवास नहीं कर रहा। आप नाक कटवाकर देखिए। मैं वचन देता हूँ कि मैं आपको ईश्वर का साक्षात्कार अवश्य करवा दूँगा।”
काफी देर तक बहस चली और आखिरकार सरपंच नाक कटवाने के लिए राजी हो गया।
उसने सोचा—नाक का क्या है? आधा जीवन बिना नाक के रह लेंगे। ईश्वर का साक्षात्कार हो गया तो जीवन सफल हो जाएगा।
खैर, सरपंच ने अपनी नाक की कुर्बानी दे दी।
जब नाक कट गई तो उस व्यक्ति ने सरपंच के कान में कहा—
“सरपंच जी, नाक तो गई। अब आपके पास दो विकल्प हैं। या तो सारी जिंदगी नकटे मूर्ख की तरह गुजारो, या फिर कह दो कि मुझे साक्षात्कार हो गया और मेरी तरह सम्मानित जीवन जियो।”
और सरपंच ने वही कहा जिसकी आशा थी—
“मुझे साक्षात्कार हो गया।”
यही उस व्यवस्था की सबसे बड़ी विडंबना है—जब किसी दावे को प्रमाणित करने की जिम्मेदारी दावेदार की जगह दावा सुनने वाले पर डाल दी जाए, तो प्रमाण की माँग भी धीरे-धीरे एक ऐसी अंतहीन यात्रा में बदल जाती है जिसका कोई निश्चित पड़ाव नहीं होता।
नोट : इस तरह की जानकारियों से भरे वीडियो आप मेरे यूट्यूब चैनल Arpit Explains पर भी देख सकते हैं।





Post a Comment