स्मार्टफोन एडिक्शन: क्यों फोन से दूर होना इतना मुश्किल है?

 


स्मार्टफोन एडिक्शन

बीते कुछ वर्षों में स्मार्टफोन एक नए एडिक्शन के रूप में उभरकर सामने आया है। एक सर्वे के अनुसार, हममें से अधिकांश लोग दिन में औसतन चार-पाँच घंटे फोन में सोशल मीडिया समेत तमाम एप्स को स्क्रोल करते हुए बिता देते हैं।

छुट्टी के दिनों में तो हम अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर पूरा दिन फोन स्क्रोल करते या टीवी देखते बिता सकते हैं और फिर भी बोरियत महसूस नहीं करते। जबकि अन्य कार्य, जैसे पढ़ाई करना, ऑफिस का काम, घरेलू कार्य, व्यायाम आदि हमें एक टास्क जैसे लगते हैं, जिन्हें करने में हमें कोई खास मजा नहीं आता और जिन्हें करते हुए हमें काफी जोर लगाना पड़ता है।

जबकि हम अच्छी तरह जानते हैं कि पड़े-पड़े स्मार्टफोन स्क्रोल करने, टीवी देखने या वीडियो गेम खेलने के बजाय इन उत्पादक कार्यों को करना हमारे लिए कहीं अधिक फायदेमंद है।

आखिर क्यों एक गतिविधि हमें आकर्षक लगती है और दूसरी बोरिंग?


डोपमीन का खेल

इसका एक सरल जवाब यह हो सकता है कि फोन स्क्रोल करने, टीवी देखने और वीडियो गेम खेलने की अपेक्षा बाकी काम अधिक ध्यान और मानसिक या शारीरिक श्रम चाहते हैं।

लेकिन वहीं हम देखते हैं कि कुछ लोग अपने दैनिक जीवन में उत्पादक कार्यों को करते हुए एक बेहतर जीवन बिताते हैं। आखिर इन लोगों को नियमित रूप से इन कार्यों को करते रहने की प्रेरणा कहाँ से मिलती है?

इसका जवाब हमारे दिमाग में काम करने वाले एक रासायनिक संदेशवाहक में छिपा हुआ है, जिसे हम डोपमीन के नाम से जानते हैं।

डोपमीन मस्तिष्क की पुरस्कार-प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह हमें किसी गतिविधि को दोहराने के लिए प्रेरित करने में भूमिका निभाता है। जिन गतिविधियों से हमें पुरस्कार या संतुष्टि मिलने की उम्मीद होती है, उनके प्रति हमारा मस्तिष्क विशेष रूप से आकर्षित हो सकता है।

जैसे कोई पसंदीदा भोजन, कोई पसंदीदा खेल, नशा या यौन गतिविधि।

डोपमीन की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है, इसका अंदाजा कुछ पुराने पशु-अध्ययनों से लगाया जा सकता है। ऐसे प्रयोगों में चूहों के मस्तिष्क में इलेक्ट्रोड लगाए गए थे, जिन्हें सक्रिय करने पर पुरस्कार-प्रणाली उत्तेजित होती थी। चूहों के पिंजरे में एक लीवर लगाया गया था। जब कोई चूहा उस लीवर को दबाता तो उसके मस्तिष्क की पुरस्कार-प्रणाली सक्रिय हो जाती।

परिणामस्वरूप चूहे बार-बार उस लीवर को दबाने लगे और दूसरी आवश्यक गतिविधियों की उपेक्षा करने लगे। यह प्रयोग यह दिखाता है कि पुरस्कार-प्रणाली का अत्यधिक उत्तेजित होना व्यवहार को कितनी मजबूती से प्रभावित कर सकता है।

इसके विपरीत, जब मस्तिष्क की पुरस्कार-प्रणाली को बाधित करने वाले प्रयोग किए गए तो चूहों में प्रेरणा और रुचि में भारी कमी देखी गई। वे भोजन उपलब्ध होने पर उसे खा सकते थे, लेकिन उसे प्राप्त करने के लिए प्रयास करने की उनकी प्रेरणा कम हो गई।

इंसानी व्यवहार में डोपमीन की भूमिका


डोपमीन का ऐसा ही प्रभाव मानव मस्तिष्क में भी देखने को मिलता है। हमारे जीवन की गतिविधियों की प्राथमिकता निर्धारित करने में मस्तिष्क की पुरस्कार-प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका है।

हमारा मस्तिष्क हमें उन कार्यों को करने के लिए अधिक प्रेरित कर सकता है जिनसे तत्काल या अनुमानित पुरस्कार मिलने की संभावना हो।

तो आखिर वे कौन-से काम हैं जिनमें हमारी पुरस्कार-प्रणाली सबसे अधिक सक्रिय होती है?

जवाब है—वे काम जिनमें आपको तुरंत या अचानक कोई पुरस्कार मिलने की आशा हो और जिनके बारे में आप जानते हों कि उनमें आपको मजा आएगा।

हालाँकि जीवन की बाकी गतिविधियों, जैसे वेतन या प्रोत्साहन मिलने, भोजन करने और पानी पीने आदि में भी पुरस्कार-प्रणाली सक्रिय होती है, लेकिन सोशल मीडिया पर घंटों स्क्रोल करते रहने, टीवी देखने, वीडियो गेम खेलने या पोर्न देखने जैसी गतिविधियों में मिलने वाला पुरस्कार अधिक तत्काल और आकर्षक हो सकता है।

यही तत्काल पुरस्कार इन गतिविधियों को बार-बार दोहराने की आदत को मजबूत कर सकता है।

लोग जानते हैं कि तंबाकू के सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है, लेकिन फिर भी बहुत से लोग अपनी आदत नहीं बदल पाते। इसका एक कारण यह है कि संभावित नुकसान भविष्य में है, जबकि तत्काल मिलने वाला पुरस्कार अभी सामने है।


सोशल मीडिया इतना आकर्षक क्यों है?


इंटरनेट और सोशल मीडिया ने दुनिया भर की जानकारी और मनोरंजन को हमारी उँगलियों तक पहुँचा दिया है।

आप स्क्रोल करते रहिए और वह आपको आनंदित करने के लिए आपके सामने कुछ न कुछ नया प्रस्तुत करता रहेगा। जानकारी और मनोरंजन की ऐसी लगातार उपलब्धता के हम आदी नहीं थे। ऐसी सुविधा तो पुराने राजा-महाराजाओं को भी उपलब्ध नहीं थी, जिनके दरबार में बेहतरीन कलाकार और नवरत्न हुआ करते थे।

यही कारण है कि हम बार-बार अपने फोन के नोटिफिकेशन चेक करते रहते हैं। हमारा मस्तिष्क जानता है कि वहाँ कुछ न कुछ ऐसा मिलने की संभावना है, जिससे उसे पुरस्कार या आनंद का अनुभव हो सकता है।

अब आप सोच सकते हैं कि इसमें समस्या क्या है? यदि मैं अपना खाली समय इंटरनेट और सोशल मीडिया पर बिताकर अपने मस्तिष्क को आनंद देता हूँ तो इसमें आखिर नुकसान क्या है?

समस्या यहाँ हमारे शरीर के उस गुण में छिपी है, जिसके माध्यम से वह लगातार बदलती परिस्थितियों के साथ सामंजस्य बिठाने की कोशिश करता है, ताकि संतुलन बना रहे।

जैसे जब आप तेज रोशनी से अँधेरे में आते हैं तो आँखों की पुतलियाँ फैल जाती हैं, ताकि कम रोशनी में भी आप ठीक से देख सकें।

इसी तरह यदि मस्तिष्क की पुरस्कार-प्रणाली को लगातार बहुत अधिक उत्तेजित किया जाए तो उसके प्रति सहनशीलता विकसित हो सकती है। तब उसी स्तर की संतुष्टि पाने के लिए अधिक तीव्र उत्तेजना की जरूरत महसूस हो सकती है।

ऐसी परिस्थिति में वे काम, जिनसे अपेक्षाकृत कम तत्काल पुरस्कार मिलता है, कम आकर्षक लगने लगते हैं। यही कारण है कि किसी नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति के लिए नशा छोड़ना इतना कठिन होता है। नशे से दूरी बनाने के बाद उसे बेचैनी, चिड़चिड़ापन और सामान्य गतिविधियों में रुचि की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

स्मार्टफोन एडिक्शन भी इसी तरह काम करता है


इंटरनेट और सोशल मीडिया का एडिक्शन भी इसी तरह हमारे व्यवहार को प्रभावित कर सकता है।

लोग जानते हैं कि वे अपना काफी उत्पादक समय इस पर नष्ट कर रहे हैं। वे कई बार इससे दूरी बनाने का प्रयास भी करते हैं, लेकिन जल्द ही दोबारा उसी आदत में लौट आते हैं।

तो क्या इस हाई-डोपमीन वाली आदत से निजात पाने का कोई तरीका है?

इतना सब कुछ पढ़ने के बाद शायद इसका अंदाजा आपको लग ही गया होगा।


    हाई-डोपमीन गतिविधियों से दूरी


    एक तरीका यह है कि उन गतिविधियों से नियमित अंतराल पर कुछ समय के लिए दूरी बनाई जाए, जो आपको लगातार तत्काल और तीव्र पुरस्कार देती हैं।

    जैसे आप सप्ताह में कुछ दिन या कम से कम एक दिन निर्धारित कर सकते हैं, जब आप फोन और टीवी से दूरी बनाएँ। नशे से दूरी रखें, जंक फूड न खाएँ और सोशल मीडिया तथा अन्य अत्यधिक उत्तेजक मनोरंजन से ब्रेक लें।

    इसके बजाय वे काम करें जिन्हें करना आपको सामान्यतः ज्यादा पसंद नहीं है—जैसे मॉर्निंग वॉक, योग, व्यायाम, सादा भोजन, घर की साफ-सफाई, डायरी लिखना इत्यादि।

    इससे आपका ध्यान लगातार मिलने वाली डिजिटल उत्तेजना से हटेगा और आपको सामान्य गतिविधियों में फिर से रुचि विकसित करने का अवसर मिलेगा।

    पुरस्कार का इस्तेमाल खुद को प्रेरित करने के लिए करें


    एक दूसरा तरीका यह है कि हाई-डोपमीन गतिविधियों को खुद को पुरस्कार देने के लिए इस्तेमाल किया जाए।

    जैसे खुद को कोई कठिन उत्पादक कार्य दें और उसे पूरा करने के बाद कुछ समय के लिए खुद को मनोरंजन या अपनी पसंद की गतिविधि का पुरस्कार दें।

    याद रखें—पुरस्कार हमेशा अंत में।

    ऐसा नहीं कि पहले मैं मूड फ्रेश करूँगा और उसके बाद अमुक काम हाथ में लूँगा। क्योंकि यदि आपने पहले ही लंबे समय तक फोन, सोशल मीडिया या किसी अन्य अत्यधिक आकर्षक गतिविधि में समय बिता लिया तो उसके बाद कठिन और उबाऊ लगने वाले काम को शुरू करना और भी मुश्किल हो सकता है।

    दूसरी बात, पुरस्कार का समय उत्पादक काम में लगाए गए समय की तुलना में बहुत अधिक नहीं होना चाहिए। ऐसा नहीं कि एक घंटे घर की साफ-सफाई का काम पूरा करके आप पूरा दिन टीवी या मोबाइल चलाते रहें।



    समस्या मोटिवेशन की नहीं, आदत की भी हो सकती है


    यदि आप खुद को उपरोक्त समस्या से घिरा हुआ पाते हैं और आपको लगता है कि आपके जीवन में मोटिवेशन की कमी है, तो अब आप समझ सकते हैं कि समस्या कहाँ हो सकती है।

    हो सकता है कि समस्या यह न हो कि आप किसी काम को करना नहीं चाहते, बल्कि यह हो कि आपका मस्तिष्क लगातार तत्काल और आसान पुरस्कार पाने का इतना आदी हो चुका है कि सामान्य और मेहनत वाले काम उसे आकर्षक नहीं लगते।

    इसलिए खुद पर काम शुरू कीजिए। फोन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को नियंत्रित कीजिए, अपने दिन में ऐसे कामों के लिए जगह बनाइए जिनमें प्रयास और धैर्य की जरूरत होती है और तत्काल पुरस्कार की उम्मीद मत रखिए।

    आप पाएँगे कि वे काम जो कभी आपको बोरिंग लगते थे, धीरे-धीरे फिर से अधिक सहज और आनंददायक लगने लगे हैं।


    नोट : इस तरह की जानकारियों से भरे वीडियो आप मेरे यूट्यूब चैनल Arpit Explains पर भी देख सकते हैं।


    Written by Arpit Dwivedi


    No comments