नास्तिकता और नैतिकता: क्या धर्म ही नैतिकता का आधार है?
नास्तिकता और नैतिकता
धार्मिक अंधभक्तों को नैतिकता से संबंधित सवालों द्वारा अक्सर नास्तिकों को घेरते देखा जा सकता है। ये सवाल मुख्यतः दो प्रकार के होते हैं।पहले प्रकार के सवाल में वे नैतिकता का स्रोत पूछते हैं और न बता पाने की स्थिति में धर्म को नैतिकता का स्रोत बताते हुए बात समाप्त कर देते हैं। कहने का मतलब यह कि जो भी नैतिकता है, वह सब धर्म की देन है और धर्म के कारण ही टिकी हुई है। धर्म के बिना नैतिकता की व्याख्या संभव ही नहीं है। धर्म गया तो नैतिकता भी चली जाएगी।
दूसरे प्रकार के सवालों में नास्तिकों से नैतिकता में विश्वास रखने की वजह पूछी जाती है। यदि वे हर चीज को प्रमाण की बुनियाद पर ही स्वीकार करते हैं तो आखिर वे नैतिकता को किन प्रमाणों की बुनियाद पर स्वीकार करते हैं? यानी कोई नैतिक नियम—जैसे चोरी करना या व्यभिचार करना गलत है—यह किन प्रमाणों के आधार पर ज्ञात हुआ?
तो आइए, आज इसी पर थोड़ी चर्चा करते हैं और इन सवालों के जवाब तलाशने का प्रयास करते हैं।
नैतिकता का स्रोत क्या है?
पहला सवाल है—नैतिकता का स्रोत क्या है?
इसका एक पंक्ति में जवाब दिया जाए तो वह होगा—नैतिकता का स्रोत है सामाजिक परिचर्चा।
नैतिकता के कोई लिखित, सार्वभौमिक और अपरिवर्तनीय नियम नहीं हैं। ये नियम कालांतर में हमने ही, यानी हमारे समाज ने ही, अपनी आवश्यकताओं के अनुसार निर्मित किए हैं।
मनुष्य चूँकि एक सामाजिक प्राणी है और जहाँ भी समाज या समूह होगा, वहाँ कुछ नियम-कायदे निर्धारित करने होंगे, ताकि समाज एक इकाई की तरह सुचारू रूप से चल सके और अराजकता न फैल जाए।
ये नियम-कायदे सिर्फ मनुष्यों में ही नहीं पाए जाते, बल्कि अन्य सामाजिक जीवों में भी इन्हें देखा जा सकता है। जैसे जंगली कुत्तों के समूहों में हर सदस्य का स्थान और उसका काम निर्धारित होता है।
मनुष्य के पूर्वजों का अस्तित्व भी इसी कारण बच सका कि उन्होंने समूह की ताकत को पहचाना था। मनुष्य ने विचारों के संप्रेषण के लिए भाषा जैसी एक जटिल प्रणाली विकसित कर ली थी, जिसके कारण हम अन्य जीवों से अलग एक जटिल सामाजिक व्यवस्था बनाने में सक्षम हुए।
विचारों के संप्रेषण के लिए भाषा एक बेहतरीन माध्यम सिद्ध हुई, जिसने हमें बड़े समूह बनाने में मदद की। बड़े समूहों की आवश्यकताओं के अनुसार सामाजिक नियम भी जटिल और परिष्कृत होते चले गए।
तो अब सवाल उठता है कि आखिर ये नियम बनते कैसे हैं?
सामाजिक परिचर्चा से बनती है नैतिकता
हमारे समाज में क्या गलत है और क्या सही, क्या करने योग्य है और क्या नहीं—इस पर हमेशा एक चर्चा चलती रहती है।
समाज में अक्सर नैतिक उस व्यवहार को माना जाता है जिसे अधिकांश समाज सही और करने योग्य के तौर पर स्वीकार कर लेता है। अब चूँकि यह सामाजिक परिचर्चा हमेशा चलती रहती है, इसलिए नैतिकता के नियम भी बदलते समय के साथ बदलते और परिष्कृत होते रहते हैं।
समय के साथ बहुत-सी चीजें, जो कभी नैतिक रूप से स्वीकार्य थीं, वे वर्जित हो जाती हैं और जो कभी वर्जित थीं, वे स्वीकार्य हो जाती हैं।
गुलामी प्रथा, बाल विवाह और बहुविवाह एक समय में समाज में नैतिक रूप से स्वीकार्य थे। हमारे तमाम प्राचीन ग्रंथों में न केवल इनका उल्लेख मिलता है, बल्कि इनसे संबंधित नियम-कायदे भी मौजूद हैं। लेकिन आज के सभ्य समाजों में ये सभी वर्जित माने जाते हैं।
इसी तरह समलैंगिकता और लिव-इन संबंध, जो लंबे समय तक सामाजिक वर्जना रहे हैं, अब धीरे-धीरे कई समाजों में स्वीकार्यता पा रहे हैं।
ये सभी उस सामाजिक परिचर्चा का परिणाम हैं, जिसे हम लंबे समय से समाज में चलते हुए देख रहे हैं। रात-दिन इन विषयों को लेकर अखबारों, पत्रिकाओं, टेलीविजन और हमारे घर-आस-पड़ोस में जो चर्चा चलती रहती है, यही सामाजिक परिचर्चा है। इसी प्रक्रिया से किसी विषय के संदर्भ में एक आम राय बनती है और कालांतर में वही किसी नैतिक नियम का रूप ले सकती है।
धर्म नैतिकता का स्रोत क्यों नहीं हो सकता?
अब चूँकि यह एक विकासशील सामाजिक प्रक्रिया है, इसलिए धर्मग्रंथ कभी भी नैतिकता के एकमात्र और अंतिम स्रोत नहीं हो सकते।
धर्मग्रंथों में मौजूद नैतिक नियम उस दौर से संबंधित हैं, जिस समय उनकी रचना हुई थी और जाहिर है कि उनमें से बहुत-से नियम अब पुराने पड़ चुके हैं।
यदि धार्मिक संहिताओं को नैतिकता के स्रोत के रूप में स्वीकार किया जाए तो हमें उन तमाम वर्तमान में बर्बर समझे जाने वाले नियमों को भी स्वीकार करना पड़ेगा, जिन्हें आज कोई भी सभ्य समाज स्वीकार करने को तैयार नहीं हो सकता।
यहाँ तक कि वे लोग, जो धर्म को नैतिकता का स्रोत बताते हैं, स्वयं भी इन नियमों को स्वीकार करने में अचकचाते हैं। जब उन्हें इन बर्बर नियमों का हवाला दिया जाता है तो वे या तो कुतर्कों के माध्यम से उनका बचाव करते नजर आते हैं या उन्हें प्रक्षिप्त बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
क्या धर्म वास्तव में नैतिकता की गारंटी देता है?
धर्म-प्रदत्त नैतिकता की पोल धार्मिक लोगों के व्यवहार से भी खुल जाती है।
सभी प्रमुख धर्मों का इतिहास खून से रंजित है और इसका एक खास कारण भी है। धार्मिक सिद्धांत चूँकि मानव कल्पना की उपज हैं, जिनका कोई प्रमाणिक आधार आज तक सिद्ध नहीं किया जा सका है, इसलिए अलग-अलग धर्मों के सिद्धांत एक-दूसरे से टकराते हैं।
अब चूँकि इनका आधार सत्य नहीं बल्कि विश्वास है, इसलिए इनके बीच होने वाले मतभेदों का समाधान हमेशा तर्क के आधार पर संभव नहीं हो पाता। धर्मों के इन्हीं सैद्धांतिक टकरावों ने इतिहास में भीषण संघर्षों को जन्म दिया है और वर्तमान में भी धार्मिक संघर्षों में लोग अपनी जान गँवा रहे हैं।
अपने देश का ही उदाहरण लें तो विभाजन जैसी त्रासदी के पीछे धार्मिक मतभेदों की महत्वपूर्ण भूमिका थी। इसके कारण जो परिस्थितियाँ बिगड़ीं, वे आज तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकीं।
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुए हैं। सीमा पर जारी संघर्ष और सीमापार आतंकवाद के कारण बड़ी संख्या में जानें जा चुकी हैं। धार्मिक भावनाओं के भड़कने के कारण तमाम दंगे हुए हैं। धार्मिक मतभेदों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बदसलूकी और मारपीट की घटनाएँ भी सामने आती रहती हैं।
धार्मिक लोग अपने ऐतिहासिक महापुरुषों, आदर्शों और सिद्धांतों की आलोचना के प्रति कितने असहिष्णु हैं, यह भी किसी से छिपा नहीं है। कई बार इसी असहिष्णुता के कारण लोग हिंसा तक पर उतर आते हैं।
क्या धर्म के बिना अराजकता फैल जाएगी?
धर्म को नैतिकता का स्रोत बताने वाले लोग यह भी दावा करते हैं कि धर्म के कारण ही व्यवस्था कायम है। यदि लोग धर्म से विमुख हो गए तो अराजकता फैल जाएगी।
लेकिन आँकड़ों और सामाजिक अनुभवों की ओर देखें तो तस्वीर इतनी सरल नहीं है।
दुनिया में ऐसे कई देश हैं जहाँ धार्मिक आस्था का स्तर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन वहाँ नागरिक जीवन, मानवाधिकार और सामाजिक सुरक्षा की स्थिति बेहतर है।
कुछ वर्ष पूर्व नीदरलैंड में अपराधियों की कम संख्या के कारण जेलों को बंद किए जाने की खबर मीडिया की सुर्खियों में थी। नीदरलैंड की जनसांख्यिकी पर नजर डालें तो वहाँ बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो किसी धर्म में आस्था नहीं रखते।
इसलिए यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि धर्म ही लोगों को अराजक होने से रोकता है।
यदि आप अराजकता की घटनाओं का विश्लेषण करें तो उनमें कई बार धर्म से प्रेरित लोगों की भीड़ भी दिखाई देगी।
क्या दंगों में दुकानों और घरों को आग लगाने वाली, लूटपाट करने वाली, घरों में घुसकर लोगों को मारने वाली और महिलाओं के साथ बलात्कार करने वाली भीड़ नास्तिकों की होती है?
जरा एक बार ठंडे दिमाग से सोचिए—क्या वास्तव में व्यवस्था धर्म की वजह से कायम है?
नहीं।
व्यवस्था संविधान और कानून की वजह से कायम है। इनमें खामियाँ हो सकती हैं, लेकिन फिर भी यही वे व्यवस्थाएँ हैं जिन्होंने अराजकता पर लगाम लगाई हुई है।
यदि एक दिन के लिए कानून हटा लिया जाए तो परिणाम की कल्पना आप कर सकते हैं।
नास्तिक नैतिकता को क्यों स्वीकार करते हैं?
अब बात करते हैं दूसरे सवाल की—नास्तिक नैतिकता को किन प्रमाणों की बुनियाद पर स्वीकार करते हैं?
जैसा कि हमने ऊपर समझा कि नैतिकता के नियम प्रकृति के नियमों जैसे नहीं हैं, जो सार्वभौमिक हों और जिन्हें वैज्ञानिक प्रयोगों द्वारा सिद्ध किया जा सके।
नैतिकता के नियम हमारे द्वारा ही समाज की आवश्यकताओं के अनुसार निर्मित किए गए हैं। और इसीलिए निरपेक्ष या पूर्ण नैतिकता जैसी कोई चीज नहीं होती।
जैसे चोरी करना गलत है—यह नियम हमने अपने समाज की जरूरतों के मुताबिक बनाया है। यह कोई सार्वभौमिक प्राकृतिक सत्य नहीं है।
अगर यह कोई सार्वभौमिक सत्य होता तो प्रकृति में हर ओर इसका पालन होता नजर आता। लेकिन प्रकृति में तो हर ओर इसका उल्लंघन ही नजर आता है।
यदि आपने खाद्य श्रृंखला के बारे में पढ़ा होगा तो आप जानते होंगे कि पौधों को छोड़कर बाकी सभी जीव अपनी ऊर्जा की जरूरतों के लिए दूसरे जीवों पर निर्भर हैं। इसके लिए वे दूसरे जीवों द्वारा संचित ऊर्जा का बलपूर्वक अधिग्रहण करते हैं।
पौधे जो स्टार्च जमा करते हैं, पशु जो चर्बी या मांस जमा करते हैं, मधुमक्खी जो शहद बनाती है या गाय जो दूध देती है—वह आपके लिए नहीं है। आप बिना उनकी अनुमति के उसे बलपूर्वक लेते हैं, ताकि आप स्वयं जीवित रह सकें।
तो नैतिकता का यह नियम यहाँ काम नहीं करता, क्योंकि यह नियम हमने अपने समाज की आवश्यकता के अनुसार निर्मित किया है।
नैतिकता और यातायात के नियम
एक अन्य उदाहरण से समझते हैं।
यातायात के नियमों से तो आप सभी परिचित होंगे। जैसे सड़क पर बाईं ओर चलना चाहिए, लाल बत्ती पर रुकना चाहिए, गति-सीमा का पालन करना चाहिए इत्यादि।
क्या ये सभी नियम निरपेक्ष हैं? क्या ये कोई सार्वभौमिक सत्य हैं?
कतई नहीं।
ये सभी नियम हमने ही बनाए हैं, ताकि सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चल सके। ठीक इसी तरह नैतिक सामाजिक नियम भी इसलिए बनाए जाते हैं, ताकि समाज सुचारू रूप से चल सके।
और जिस तरह यातायात के नियमों की सत्यता का कोई प्राकृतिक या सार्वभौमिक प्रमाण नहीं दिया जा सकता, उसी तरह नैतिकता के नियमों का भी कोई ऐसा प्रमाण नहीं दिया जा सकता।
क्या सड़क पर बाईं ओर ही चलना चाहिए, इसे किसी तरह सिद्ध किया जा सकता है?
नहीं।
हाँ, इसके पक्ष में तर्क दिए जा सकते हैं। हम सड़क पर बाईं ओर इसलिए चलें कि विपरीत दिशा से आने वाले वाहन आपस में न टकराएँ। यह व्यवस्था इसलिए उपयोगी है क्योंकि इससे यातायात व्यवस्थित रहता है।
ठीक इसी तरह चोरी करना गलत है, इसे किसी प्राकृतिक नियम की तरह सिद्ध नहीं किया जा सकता। लेकिन इसके पक्ष में तर्क दिए जा सकते हैं।
चोरी करना गलत है क्योंकि इससे सामाजिक व्यवस्था भंग होती है, जिससे समाज में अराजकता और असुरक्षा बढ़ती है।
नास्तिक भी इन्हीं तर्कों के आधार पर नैतिक नियमों को समाज के हित के लिए आवश्यक मानकर उनका समर्थन और पालन करते हैं।
नैतिकता का आधार भय नहीं, तर्क होना चाहिए
क्या आपको नहीं लगता कि नैतिकता का पालन और समर्थन दैवीय दंड के भय की अपेक्षा तर्क के आधार पर करना बेहतर है?
यदि किसी व्यक्ति को केवल इसलिए अच्छा काम करना पड़ रहा है कि उसे किसी दैवीय शक्ति के दंड का भय है, तो उसके अच्छे आचरण की नैतिकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
आइंस्टीन का यह कथन यहाँ बेहद प्रासंगिक है—
“अगर दंड का भय ही आपको अच्छे काम के लिए प्रेरित करता है तो माफ कीजिएगा, आप एक बुरे इंसान हैं।”
नोट : इस तरह की जानकारियों से भरे वीडियो आप मेरे यूट्यूब चैनल Arpit Explains पर भी देख सकते हैं।








Post a Comment