वैज्ञानिक खोज और धर्म : विज्ञान का दुरुपयोग किसकी जिम्मेदारी है?
वैज्ञानिक खोज और धर्म : विज्ञान, समाज और वैज्ञानिक दृष्टिकोण
धर्म की आलोचना करने पर कुछ लोग विज्ञान का विरोध करना शुरू कर देते हैं। ऐसा अक्सर तब होता है जब वे अपनी धार्मिक मान्यताओं की सत्यता के पक्ष में कोई प्रमाण देने और उन्हें तर्कसंगत सिद्ध करने में विफल रहते हैं।वे कहते हैं—देखिए, विज्ञान द्वारा बनाए गए खतरनाक परमाणु हथियारों के कारण आज दुनिया तबाही के मुकाम पर खड़ी है। विज्ञान की खोजों के कारण हुए तीव्र औद्योगिक विकास से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। तमाम तरह के उत्सर्जन पृथ्वी के वातावरण में जहर घोल रहे हैं। ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में हुई वृद्धि के कारण पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है, जिसके कारण मौसम अनियंत्रित हो रहे हैं।
इनमें कोई संदेह नहीं कि उनकी ये चिंताएँ वास्तविक हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन सबका दोष विज्ञान को दिया जा सकता है?
यह सच है कि वैज्ञानिक खोजों ने ही औद्योगिक विकास की नींव रखी थी और बढ़ते पूँजीवाद तथा उपभोक्तावाद के दौर में एक बार जब इस सिलसिले ने रफ्तार पकड़ी तो फिर यह बढ़ता ही गया। औद्योगिक विकास प्रगतिशीलता, संपन्नता और शक्तिशाली होने का प्रतीक बन गया।
इस बढ़ते औद्योगीकरण ने बहुत सारी समस्याओं को जन्म दिया है, लेकिन हमें यह सच्चाई भी स्वीकार करनी चाहिए कि इसने हमारे जीवन को सुविधाजनक बनाया है और हमें बहुत-सी समस्याओं से छुटकारा भी दिलाया है।
पहले जहाँ दुनिया भर में तमाम लोग महामारियों और असाध्य रोगों से असमय काल-कवलित हो जाते थे, वहीं आज चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति के कारण बहुत-सी महामारियों और कभी असाध्य रहे रोगों का उपचार संभव हुआ है।
दुनिया के विभिन्न भागों में औसत आयु में हुई वृद्धि—जो पहले की तुलना में लगभग दोगुनी तक हो गई है—और शिशु मृत्यु दर में आई कमी का श्रेय आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को दिया जाता है।
इसके अलावा ऐसे तमाम आविष्कार हुए हैं जिन्होंने हमारे जीवन में क्रांति ला दी। इनके बिना आज जीवन की कल्पना भी कठिन मालूम पड़ती है। संचार और परिवहन की वैज्ञानिक प्रगति ने तो पूरी दुनिया को एक तरह से वैश्विक गाँव में बदल दिया है।
देखा जाए तो विज्ञान ने हमें जितना दिया है, उसकी तुलना में इसके दुष्परिणाम कुछ भी नहीं हैं। इतने दुष्परिणाम तो किसी भी नए कार्य को करने में हो सकते हैं।
जब हम किसी नए मार्ग पर आगे बढ़ते हैं तो उसमें आने वाली सभी चुनौतियों का पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता, भले ही हम कितनी ही तैयारी के साथ निकलें। कुछ चुनौतियाँ ऐसी जरूर होंगी जो उस मार्ग पर चलने के बाद ही सामने आएँगी।
विज्ञान के साथ भी ऐसा ही है।
विज्ञान अज्ञात की खोज में लगातार नए मार्गों पर यात्रा कर रहा है, जिसमें उसे सफलता के साथ-साथ कुछ चुनौतियों का सामना भी करना पड़ रहा है। और ऐसा भी नहीं है कि वह उन चुनौतियों को नजरअंदाज करके आगे बढ़ता जा रहा है। वह लगातार उनसे निपटने के लिए भी काम कर रहा है और उसमें उसे सफलता भी मिल रही है।
उदाहरण के तौर पर पिछली एक से अधिक शताब्दी से हम ऊर्जा के लिए मुख्यतः जीवाश्म ईंधनों पर आश्रित रहे हैं। इनके उपयोग से हानिकारक गैसों का उत्सर्जन होता है और ये पर्यावरण के लिए घातक हैं।
लेकिन विज्ञान ने इस चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया। एक शताब्दी के भीतर ही परमाणु ऊर्जा, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जैव ईंधन आदि जैसे तमाम वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की खोज की गई। इसके साथ ही अन्य तमाम चुनौतियों के समाधान भी विज्ञान ने खोजे हैं और लगातार खोज रहा है।
समस्या विज्ञान में नहीं, उसके उपयोग में है
विज्ञान के जिन तथाकथित दुष्परिणामों की चर्चा की जाती है, उनका एक बहुत बड़ा कारण यह भी है कि विज्ञान के क्षेत्र में जितनी तेजी से विकास हो रहा है, मानव समाज उतनी तेजी से उसके साथ सामंजस्य नहीं बिठा पा रहा है।
समाज के विकसित होने की रफ्तार बहुत धीमी है। अतः विज्ञान के साथ कदम से कदम न मिला पाने के कारण वैज्ञानिक खोजों और आविष्कारों का दुरुपयोग भी हो रहा है।
वैज्ञानिक खोजों का अधिकतम सदुपयोग हो सके, इसके लिए हमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से युक्त समाज की आवश्यकता है। और इसके विकास की राह में धर्म सबसे बड़ा रोड़ा है।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण धर्म के अस्तित्व के लिए सबसे बड़ा खतरा है। अतः धार्मिक संगठनों द्वारा लोगों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से दूर रखने और धर्म के प्रति उनकी आस्था बनाए रखने के लिए लगातार बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जाते हैं, जिनमें वे हर संभव हथकंडे का इस्तेमाल करते हैं।
धार्मिक लोग वास्तव में इसी दुष्प्रचार के शिकार हैं, जिसके कारण वे विज्ञान का विरोध करते हैं।
विज्ञान एक खोज-पद्धति है
विज्ञान वास्तव में एक खोज-पद्धति ही तो है, जो हमें प्राकृतिक घटनाओं और उनके पीछे छिपे कारणों को समझने में मदद करती है।
इसके द्वारा प्राप्त निष्कर्षों अथवा नई जानकारी का प्रयोग हित और अहित, दोनों के लिए किया जा सकता है। वैज्ञानिक जानकारी का उपयोग करके पूरे शहर को रोशन करने वाले परमाणु बिजलीघर भी बनाए जा सकते हैं और उसी जानकारी का प्रयोग करके पूरे शहर को नष्ट कर देने वाले परमाणु बम भी बनाए जा सकते हैं।
निर्भर करता है कि आप उस जानकारी का कैसा उपयोग करते हैं।
लेकिन फिर लोग कहते हैं कि धर्म भी तो ऐसा ही है। उसका भी उपयोग अथवा दुरुपयोग किया जा सकता है।
यहाँ थोड़ा समझने की जरूरत है।
धर्म के कुछ लाभ हो सकते हैं। जैसे धर्म लोगों को झूठी आस बँधा सकता है, निरुद्देश्य जीवन को काल्पनिक ही सही, लेकिन एक उद्देश्य दे सकता है और समाज को संगठित कर सकता है।
लेकिन धर्म लोगों को भ्रमित करके ही इन लक्ष्यों को हासिल करता है। अतः लाभ की अपेक्षा इससे होने वाली हानि कहीं अधिक है।
क्योंकि धर्म का आधार अज्ञान है, जहाँ तार्किकता, खोज, नवीनता, परिवर्तन और सुधार के लिए कोई स्थान नहीं है। इसके विपरीत विज्ञान नवीनता, सुधार और परिवर्तन का सदैव स्वागत करता है।

विज्ञान काम करता है
धार्मिक सिद्धांत व्यावहारिक जगत में काम नहीं करते। वे सही हैं या गलत, इसकी जाँच करने का भी कोई तरीका नहीं है।
इसके विपरीत वैज्ञानिक सिद्धांत इतने सटीक हैं कि आप मंगल पर उतरने वाले यान के लैंडिंग समय को सेकंड के एक अंश तक की सटीकता से निर्धारित कर सकते हैं।
विज्ञान का उपयोग हो या दुरुपयोग, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि यह काम करता है।
वैज्ञानिक सिद्धांतों का प्रयोग करके जब हम कोई दवा बनाते हैं तो वह काम करती है। वैज्ञानिक सिद्धांतों का प्रयोग करके जब हम कोई विमान बनाते हैं तो वह उड़ता है। यहाँ तक कि वैज्ञानिक सिद्धांतों से बना हथियार भी अपने लक्ष्य को सफलता से भेदता है।
इससे यह सिद्ध होता है कि विज्ञान वास्तव में एक ज्ञानमूलक पद्धति है, क्योंकि विज्ञान हमें सटीक निष्कर्षों तक पहुँचाने में बार-बार सफल सिद्ध हुआ है।
इसके विपरीत धार्मिक निष्कर्षों की तो सत्यता का ही आज तक कोई प्रमाण नहीं दिया जा सका है। न उनके निष्कर्षों की सत्यता की जाँच किसी भी तरह संभव है और न ही आज तक कोई यह बताने की स्थिति में है कि उन निष्कर्षों तक पहुँचा कैसे गया।
अज्ञात की सुरक्षित पनाहगाह
शुरुआत से ही धर्म ने अपने अधिकांश दावे अज्ञात, अप्राप्य और अमाप्य के क्षेत्र में किए हैं। जब तक इन क्षेत्रों तक विज्ञान की पहुँच नहीं हो जाती, तब तक इनकी सत्यता या असत्यता के संदर्भ में कुछ भी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता।
इसे एक उदाहरण से समझिए।
यदि हमें कहीं एक ऐसा बक्सा मिलता है जिस पर बड़ा-सा ताला लगा है, तो जब तक उस ताले को तोड़कर यह नहीं देख लिया जाता कि उसके भीतर क्या है, तब तक उसके भीतर मौजूद वस्तु के संबंध में कुछ भी दावा किया जा सकता है।
दुनिया में कोई भी उस दावे को गलत सिद्ध नहीं कर सकता।
धर्म के दावे भी बिल्कुल इसी श्रेणी में आते हैं।
चूँकि अज्ञात का क्षेत्र ज्ञात के क्षेत्र से बहुत बड़ा है—वास्तव में हम यह भी नहीं जानते कि वह कितना बड़ा है—इसलिए धर्म को स्वयं को सुरक्षित रखने में कोई कठिनाई नहीं होती।
अज्ञात का क्षेत्र धर्म के लिए हमेशा से एक सुरक्षित पनाहगाह रहा है।
जब तक लोग इस चतुराई को समझने में सक्षम नहीं होते, धर्म के अस्तित्व को कोई खतरा नहीं है।
धर्म और विज्ञान के बीच संघर्ष
जो लोग धर्म को बचाने के लिए विज्ञान का विरोध करते हैं, वे लोग धर्म द्वारा प्राचीन काल से पोषित इस चतुराई से अनजान हैं।
या कहें कि वे अनजान बने रहना चाहते हैं, क्योंकि उस धर्म के साथ उनका भावनात्मक लगाव है। वे उसे किसी भी कीमत पर गलत सिद्ध होते हुए नहीं देख सकते।
लेकिन ऐसा करते हुए उन्हें सोचना चाहिए कि वे वास्तव में एक सच्ची ज्ञानमूलक पद्धति का विरोध कर रहे हैं—वह भी एक अज्ञानमूलक पद्धति को सुरक्षित रखने के लिए।
आखिर एक अज्ञानमूलक पद्धति को बचाने के लिए ज्ञानमूलक पद्धति का विरोध कहाँ तक उचित है?
जरा सोचिए!
नोट : इस तरह की जानकारियों से भरे वीडियो आप मेरे यूट्यूब चैनल Arpit Explains पर भी देख सकते हैं।





Post a Comment